#MeTooIndia: ट्वीट्स, थ्रेड्स और यौन उत्पीड़न की सैंकड़ों कहानियाँ, आपबीती सुनाती महिलाएं

जो बातें कल तक मीडिया संस्थानों के गलियारों तक सीमित थीं आज वो खुलकर दुनिया के सामने आ रही हैं। विभिन्न न्यूज़ संस्थानों में काम करने वाली महिलाकर्मियों ने यौन उत्पीड़न को उजागर करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया।
देखते ही देखते शुक्रवार की शाम को ट्विटर पर #metooindia कैंपेन ट्रेंड करने लगा। अलग-अलग मीडिया हाउस से जुड़े महिला पत्रकारों ने उनके साथ हुए दुर्व्यवहार की घटनाओं को स्क्रीनशॉट के ज़रिये ट्विटर पर साझा किया। उन्होंने न सिर्फ़ उन घटनाओं पर रोशनी डाली बल्कि कथित आरोपितों के नाम भी उजागर किये। उन स्क्रीनशॉट्स में महिलाओं की मर्ज़ी के बिना भेजे गए अश्लील संदेश, उनके निजी तस्वीरों की मांग, मर्दों के द्वारा किये गए उनके गुप्तांगों की तस्वीरों का ज़िक्र और कई आपत्तिजनक बातों की कड़ी शामिल थी। आरोपितों में कॉमेडियन, लेखक, फ़िल्म निर्देशक, सिंगर और कई पत्रकार शामिल हैं। इनमें से कई वेरिफाइड एकाउंट्स हैं।
ये सिलसिला बहुत व्यापक तरीक़े से आगे बढ़ा। इस कैंपेन ने कई हुई दबी आवाज़ों को सामने आने का मौक़ा दिया। आरोपों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसकी आंच में कई बड़े नाम भी बाहर आये हैं। इनमें 'वन इंडियन गर्ल' के लेखक चेतन भगत, हिंदुस्तान टाइम्स के असोसिएट एडिटर प्रशांत झा, क्वीन फ़िल्म के डायरेक्टर विकास बहल और सिंगर कैलाश खेर भी शामिल हैं।
जैसे-जैसे उन महिलाओं ने ट्वीट करना शुरू किया, हज़ारों की तादाद में साथी महिलाओं ने भी इसके ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई। कार्यस्थल पर ऐसी घटनाओं के बारे में हम सुनते आये थे, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है जब ट्विटर पर इतनी बड़ी संख्या में औरतें सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने अभिनेता नाना पाटेकर पर 'हॉर्न ओके प्लीज़' की शूटिंग के दौरान यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। तनुश्री ने फ़िल्म डायरेक्टर और 'अर्बन नक्सल' के लेखक विवेक अग्निहोत्री और मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य पर भी आरोप लगाए हैं। तनुश्री ने कहा है कि उनसे एक डांस सीन के दौरान विवेक ने आपत्तिजनक मांग की थी। इसपर सुनील शेट्टी और इरफ़ान ख़ान ने आपत्ति जताई थी।
@Agirlofherwords ट्विटर हैंडल की महिमा कुकरेजा ने कॉमेडियन उत्सव चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उत्सव ने बिना उनकी इजाज़त के उन्हें अपने गुप्तांग की तस्वीरें भेजी और महिमा से उनकी निजी तस्वीरों की मांग भी की थी। तब उत्सव चर्चित कॉमेडी वेब चैनल एआईबी के साथ काम करते थे। महिमा ने ये बताया कि उन्होंने इस बात की जानकारी एएआईबी के सह-संस्थापक तन्मय भट्ट को भी दी थी, लेकिन तब कोई एक्शन नहीं लिया गया।
स्टैंड अप कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु ने भी उत्सव की करतूतों का कच्चा चिठ्ठा खोलकर रख दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लंबे-चौड़े थ्रेड में उत्सव के दुर्व्यवहार के बारे में लिखा है।
महिमा का ये खुलासा भारत में #metoo कैंपेन की शुरुआत मानी जा रही है। उनकी इस निडर पहल के बाद उन्हें ढेरों डायरेक्ट मैसेज आने लगे। इनमें दो नाबालिग लड़कियों ने भी उत्सव के व्यवहार को लेकर संगीन आरोप लगाए। लड़कियों ने कहा कि उत्सव ख़ुद को विक्टिम यानी पीड़ित की तरह पेश करता था कि उसे किसी तरह की मानसिक बीमारी है, ताकि उसे उसके व्यवहारों की छूट मिल सके। OCD की आड़ में उत्सव ने एक से ज़्यादा महिलाओं को भद्दे और अश्लील मैसेज भेजे हैं।
स्टैंड अप कॉमेडियन कुनाल कामरा और अदिति मित्तल ने भी इस घटना की तस्दीक की है।
ये सिलसिला आगे बढ़ते हुए मेनस्ट्रीम मीडिया इंडस्ट्री तक पहुंचा। एक से ज़्यादा महिला पत्रकारों ने एक ही शख़्स पर अभद्र मैसेज भेजने, ग़लत ढंग से छूने और अश्लील बातें करने के आरोप लगाए। मीडियाजगत के कई जाने-माने युवा चेहरों और महिला पत्रकारों ने निर्भीक होकर आपबीती सामने रखी है।
'द वायर' की हेल्थ रिपोर्टर अनु भूयन ने बिज़नेस स्टैंडर्ड के प्रिंसिपल कोरेस्पोंडेंट मयंक जैन के एक ट्वीट को 'रीट्वीट विद कमेंट' करते हुए आरोप लगाए। अनु ने ट्वीट किया, "ये भारतीय पत्रकार सेक्शुअल दरिंदा है- (This Indian journalist is a sexual predator.)" अनु ने पुराने स्क्रीनशॉट साझा करते हुए मयंक को बेनक़ाब किया। अनु के ट्वीट में मयंक जैन के लड़कियों से सेक्शुअल फ़ेवर मांगने के सबूत मिलते हैं।
फ्रीलान्स पत्रकार संध्या मेनन ने टाइम्स ऑफ इंडिया, हैदराबाद के रेसिडेंट एडिटर के आर श्रीनिवास पर आरोप लगाए। संध्या ने ट्विटर पर लिखा कि ये 2008 की बात है जब वो बैंगलोर मिरर में कार्यरत थीं। श्रीनिवास ने उन्हें ड्रॉप करने के बहाने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जो उन्हें पसंद नहीं आया और उन्होंने इसका विरोध किया। संध्या ने बताया कि उन्होंने अपने ऑफिस के एचआर डिपार्टमेंट में शिकायत भी की लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। उल्टा ये कहा गया कि श्रीनि बहुत वरिष्ठ हैं, वो ऐसा नहीं कर सकते।
एनडीटीवी की पूर्व पत्रकार पवित्रा जयरमन ने भी श्रीनि के बारे में मिलते जुलते विचार रखे हैं। उन्होंने भी संध्या के आरोपों को मज़बूती दी।
संध्या ने मुम्बई डीएनए के पूर्व एडिटर इन चीफ़ रहे गौतम अधिकारी पर भी आरोप लगाए हैं। संध्या लिखती हैं कि गौतम अधिकारी ने भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें असहज किया।
मशहूर लेखक चेतन भगत पर भी आरोप लगे। मल्टीमीडिया पत्रकार शीना ने चेतन भगत के व्हाट्सएप्प स्क्रीनशॉट साझा किये।
चेतन भगत ने अपने एक फेसबुक पोस्ट में मुआफ़ी मांगी है।
अवंतिका मेहता ने हिंदुस्तान टाइम्स के जाने माने पॉलिटिकल एनलिस्ट प्रशांत झा पर आरोप लगते हुए लिखा कि प्रशांत ने कई मौक़ों पर उन्हें हैरान करने वाले मैसेज भेजे। उस बातचीत के स्क्रीनशॉट्स अवंतिका ने साझा किये।
सबसे संगीन आरोप लगा है बॉलीवुड फ़िल्म निर्देशक विकास बहल पर। क्वीन फ़िल्म के निर्देशक और फैंटम प्रोडक्शन के पार्टनर रहे विकास पर एक लड़की ने गंभीर आरोप लगाए कि उन्होंने होटल के कमरे में उसके साथ ज़बरदस्ती की। लड़की के मना करने के बावजूद भी विकास ने उसके कपड़े में हाथ डाला और फिर हस्तमैथून किया। लड़की ने इस कांड की जानकारी फ़िल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप को दी थी लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। अनुराग ने भी इस बात को सही ठहराया है कि उन्हें इस घटना की जानकारी थी।
आज महिलाओं के ट्विटर पर सैंकड़ों ऐसे थ्रेड्स मिलते हैं जो उनकी आपबीती सुनाते हैं। इन निडर महिलाओं के द्वारा शुरू की गयी मुहिम के बाद कई और महिलाएं अपने साथ हुई यौन हिंसा या उत्पीड़न की वारदातों को सामने ला रही हैं। ये भारत में 'मी टू' मोमेंट की शुरुआत मानी जा रही है। महिलाओं ने पूरे साहस के साथ इस बात का ऐलान कर दिया है कि जो भी भविष्य में उनके सम्मान के ख़िलाफ़ ऐसे कृत्य करेगा उसे यूँ ही सरेआम शर्मिंदा किया जाएगा।
ट्विटर पर @weeny (Sheena) ने सभी औरतों की आपबीती का संग्रह एक थ्रेड के रूप में लगाया है। आप इस ट्विटर हैंडल पर जाकर पढ़ सकते हैं। इस लिस्ट में 45 लोगों के नाम हैं।
ये एकमात्र संदेश भेजता है उन मोलेस्टर्स के लिए कि......'टाइम्स अप'।
ट्विटर पर @weeny (Sheena) ने सभी औरतों की आपबीती का संग्रह एक थ्रेड के रूप में लगाया है। आप इस ट्विटर हैंडल पर जाकर पढ़ सकते हैं। इस लिस्ट में 45 लोगों के नाम हैं।
ये एकमात्र संदेश भेजता है उन मोलेस्टर्स के लिए कि......'टाइम्स अप'।
Comments
Post a Comment